नई दिल्ली। लंबे समय के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो ने एक सेटेलाइट लॉन्च किया है। इस साल इसरो के दे अभियान विफल हो गए थे। इस सफल अभियान के बाद उसने दावा किया है कि इस साल के बचे हुए चार महीने में छह अभियान लॉन्च किए जाएंगे। इसरो ने जो नया सेटेलाइट लॉन्च किया है क यह 36 हजार किलोमीटर ऊपर से तस्वीरें लेगा।
इसरो गुरुवार देर रात दो बज कर 55 मिनट पर ईओएस-05 इमेजिंग सेटेलाइट को सफलतापूर्वक लॉन्च किया। इसे श्रीहरिकोटा से जीएसएलवी-एफ17 रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया। यह सेटेलाइट करीब 36 हजार किलोमीटर की ऊंचाई पर जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट में रहकर तस्वीरें लेगा। ऐसा करने वाला भारत का यह पहला सेटेलाइट है। इससे पहले भारत ने जितने इमेजिंग सेटेलाइट भेजे थे, सब निचली कक्षा में थे।
ईओएस-05 भारत और आसपास के बड़े इलाकों की लगातार तस्वीरें भेज सकेगा। इससे पाकिस्तान और चीन सीमा समेत संवेदनशील और रणनीतिक इलाकों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। सेटेलाइट का इस्तेमाल बाढ़, चक्रवात और दूसरी प्राकृतिक आपदाओं की निगरानी के लिए भी किया जाएगा। इससे आपदा की स्थिति का जल्दी पता लगाने और समय पर चेतावनी देने में मदद मिलेगी।
इस सेटेलाइट की सफल लॉन्चिंग के बाद इसरो प्रमुख वी नारायणन ने बताया कि संगठन का इस साल छह और मिशन लॉन्च करने का लक्ष्य है। गौरतलब है कि करीब आठ महीने बाद इसरो का यह पहला लॉन्च है। इससे पहले जनवरी 2026 और उससे पहले मार्च 2025 में उसके दो मिशन सफल नहीं हो पाए थे। बहरहाल, ईओएस-05 को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के सेकेंड पैड से लॉन्च किया गया। लॉन्च के करीब 18 मिनट बाद सब जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट में पहुंचा दिया गया। इसके बाद सेटेलाइट को 36 हजार किलोमीटर दूर मौजूद अपनी अंतिम कक्षा तक पहुंचाया गया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



