नई दिल्ली। जंतर मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को समर्थन देने गुरुवार को आम आदमी पार्टी के सुप्रीम अरविंद केजरीवाल पहुंचे। उन्होंने सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाने की मांग की। उनसे पहले समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने भी जंतर मंतर पर पहुंच कर वांगचुक और कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को समर्थन दिया। डिंपल ने यह भी ऐलान किया कि संसद के मानसून सत्र के पहले दिन यानी 20 जुलाई को संसद मार्च के बाद सोनम वांगचुक अपनी भूख हड़ताल खत्म कर देंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि उसे किसी के मरने जीने से कोई मतलब नहीं है।
बाद में गुरुवार की शाम को अरविंद केजरीवाल जंतर मंतर पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटा कर सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाया जाना चाहिए। इससे पहले उन्होंने भूख हड़ताल कर रहे वांगचुक को सैल्यूट किया। केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापत अभिजीत दीपके को मंच पर ही गले लगाया। इससे पहले भी आम आदमी पार्टी के नेता आंदोलन को समर्थन करने पहुंचे थे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 14 जुलाई को फोन करके सोनम वांगचुक की सेहत का हाल जाना था। इसके दो दिन बाद उनकी पत्नी डिंपल यादव ने जंतर मंतर पर जाकर वांगचुक को समर्थन दिया। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता कौन जी रहा है और कौन मर रहा है। उन्होंने दावा किया कि सोनम वांगचुक ने उनसे कहा है कि वे 20 तारीख को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर देंगे। गौरतलब है कि वांगचुक ने 20 जुलाई को संसद मार्च का ऐलान किया है।
डिंपल यादव ने कहा, मैं सभी युवाओं से अपील करना चाहती हूं कि वे 20 तारीख को यहां से संसद तक होने वाले मार्च में शामिल हों। यह आपके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है। बाद में अभिजीत दीपके ने कहा कि भूख हड़ताल खत्म होने के बाद उनकी पार्टी इस आंदोलन को आगे बढ़ाएगी। डिंपल यादव के साथ मुरादाबाद से सपा सांसद रुचि वीरा, आजमगढ़ से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव, फतेहपुर से सपा सांसद नरोत्तम पटेल, रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, संत कबीरनगर के सांसद पप्पू निषाद और मछलीशहर से सपा विधायक रागिनी सोनकर मौजूद रहीं।
इस बीच सोनम वांगचुक की सेहत बिगड़ने की खबरों के बाद उनका समर्थन बढ़ा है। बड़ी संख्या में युवा बुधवार और गुरुवार को जंतर मंतर पहुंचे। शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी और मशहूर अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने वांगचुक का समर्थन किया और सरकार से उनकी बात सुनने की अपील की। फिल्म अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने भी वांगचुक का समर्थन किया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


