नई दिल्ली। गौहाटी हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत की याचिका खारिज होने के बाद कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइंया सरमा के ऊपर तीन पासपोर्ट रखने और अमेरिका में कंपनी होने के आरोप लगाने के बाद खेड़ा के खिलाफ असम पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है और उनको गिरफ्तार करने के लिए तलाश रही है।
जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे खेड़ा ने अपनी अपील में गौहाटी हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी है। साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सोमवार को जल्दी सुनवाई हो। इससे पहले गौहाटी हाई कोर्ट ने शुक्रवार को खेड़ा को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था। खेड़ा के खिलाफ रिंकी भुइंया सरमा ने असम पुलिस की क्राइम ब्रांच में मुकदमा दर्ज कराया ह।
गौरतलब है कि रिंकी भुइंया सरमा की ओर से दर्ज मुकदमे में तेलंगाना हाई कोर्ट ने पवन खेड़ा को ट्रांजिट जमानत दी थी। इसके बाद वे सुप्रीम कोर्ट गए थे लेकिन सर्वोच्च अदालत ने गौहाटी हाई कोर्ट में अपील करने को कहा। वहां से राहत नहीं मिलने के बाद पवन खेड़ा फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। देश के जाने माने वकील अभिषेक सिंघवी उनकी पैरवी कर रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


