राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

किसानों ने दिल्ली कूच स्थगित किया

चंडीगढ़। किसानों ने दिल्ली जाकर किसान घाट पर महापंचायत करने का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया है। गौरतलब है कि अमेरिका के साथ भारत की मुक्त व्यापार संधि के विरोध में पंजाब और हरियाणा के किसानों ने मंगलवार को दिल्ली कूच का कार्यक्रम तय किया था। इसके लिए पंजाब के किसान शंभू बॉर्डर की ओर कूच कर गए थे लेकिन वहां हरियाणा पुलिस ने बैरिकेड लगा कर उनको रोक दिया। खनौरी बॉर्डर पर भी हरियाणा ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था।

हालांकि बताया जा रहा है कि आंदोलन के लिए पहुंचे किसानों की हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ बैठक हुई, जिसके बाद किसानों ने लौटने का फैसला किया। इससे पहले हरियाणा में कुरुक्षेत्र पुलिस ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को हिरासत में लिया था लेकिन बातचीत के बाद उनको रिहा कर दिया गया। भारतीय किसान यूनियन ने बताया कि किसान नेताओं की रिहाई और केंद्र सरकार से वार्ता कराने पर सहमति बनने के बाद आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया गया।

बताया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन की वजह से हरियाणा के पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से लगी सीमा पर सुरक्षा कड़ी की गई थी। कई जिलों में किसान नेताओं और सीजेपी समर्थकों को नजरबंद या हिरासत में लिया गया। अंबाला के शंभू बॉर्डर पर 27 जुलाई तक धारा 163 लागू है, जबकि कुंडली व सिंघु बॉर्डर पर सुबह लंबा जाम लगा और जांच के बाद ही दिल्ली में प्रवेश दिया गया। माना जा रहा है कि दिल्ली में चल रहे कई प्रदर्शनों के कारण भी किसानों ने अपना प्रदर्शन टालने का फैसला किया।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment