Wednesday

30-04-2025 Vol 19

भाजपा ने जारी की महाराष्ट्र की पहली सूची

407 Views

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड के एक दिन बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। 99 उम्मीदवारों की पहली सूची में कई नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट दी गई है। मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार और उनके भाई विनोद शेलार दोनों को पार्टी ने टिकट दी है तो कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की बेटी को भी टिकट मिल गई है। अशोक चव्हाण अभी भाजपा के सांसद हैं। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट से चुनाव लड़ेंगे।

बहरहाल, भाजपा की 99 उम्मीदवारों की पहली सूची में अनुसूचित जनजाति की छह और अनुसूचित जाति की चार सीटें हैं। पार्टी ने पहली सूची में 13 महिलाओं को टिकट दी है। पार्टी के 10 उम्मीदवार ऐसे हैं, जो पहली बार चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने पहली सूची में तीन निर्दलीय विधायकों को भी अपन उम्मीदवार बनाया है। गौरतलब है कि महायुति में सीटों के गठबंधन में भाजपा 155 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राज्य की सभी 288 सीटों पर एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

भाजपा की पहली सूची में पार्टी के पूर्व सांसद हरिभाऊ जवाले के बेटे अनमोल जवाले को रावेर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। महाराष्ट्र के भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कामठी से लड़ेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण को भोकर और पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के बेटे संतोष दानवे को भोकरदन सीट से टिकट दिया गया है। पार्टी ने 3 मौजूदा विधायकों का टिकट काटा है।

इस साल चंद्रपुर सीट से लोकसभा चुनाव हारे सुधीर मुनगंटीवार को बल्लारपुर विधानसभा और मिहिर कोटेचा को मुलुंड सीट से टिकट मिला है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार को बांद्रा पश्चिम से और उनके भाई विनोद शेलार को मलाड पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर कोलाबा से और नीतेश राणे कंकावली से चुनाव लड़ेंगे। नार्वेकर शिव सेना और एनसीपी विधायकों की सदस्यता खत्म नहीं करने को लेकर विपक्ष के निशाने पर रहे हैं। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नीतेश राणे मुस्लिम विरोधी बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण की सीट कराड दक्षिण से अतुल भोसले को उम्मीदवार बनाया है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *