कोलकाता। ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के खिलाफ ममता की पार्टी सोमवार को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन से पहले ममता बनर्जी ने रविवार को अपने विधायकों की बैठक बुलाई थी। बताया जा रहा है कि उस बैठक में ममता के 80 में से सिर्फ 20 विधायक ही पहुंचे। इसलिए ममता ने औपचारिक बैठक टाल दी। हालांकि कहा जा रहा है कि उन्होंने अनौपचारिक बातचीत की और विधायकों को सोमवार के प्रदर्शन की तैयारी करने को कहा।
बताया गया है कि विधायकों की बैठक ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर दोपहर तीन बजे शुरू होनी थी। कम उपस्थिति के चलते इसे स्थगित कर दिया गया। बाद में पार्टी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ और रविवार को सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला हुए, इससे जो हालात बने हैं उसी की वजह से कई विधायक गैरहाजिर रहे।
इस बीच अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी वीडियो फुटेज के आधार पर रात भर चली छापेमारी के बाद हुई। इससे पहले ममता बनर्जी ने हमले को साजिश बताते हुए कहा कि अगर अभिषेक ने हेलमेट नहीं पहना होता तो उनकी जान जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में भर्ती अभिषेक को जल्द डिस्चार्ज कराने के लिए भाजपा नेताओं और पुलिस ने दबाव बनाया। अभिषेक पर शनिवार को दक्षिण सोनारपुर में हमला हुआ था, जहां वे चुनाव बाद हिंसा के पीड़ित कार्यकर्ताओं से मिलने गए थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


