लखनऊ। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की चर्चाओं के बीच बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी पूरे देश में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने अपने जन्मदिन के मौके पर गुरुवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार किया। उन्होंने भाजपा के ब्राह्मण विधायकों की बैठक के बाद हुए विवाद के हवाले कहा कि उनकी पार्टी ब्राह्मणों को उचित सम्मान दिलाएगी।
हालांकि बसपा प्रमुख मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से अफरा तफरी के हालत बन गए। लखनऊ के पार्टी कार्यालय में जिस समय वे मीडिया से बात कर रही थीं उसी समय हॉल की छत पर लगी लाइट में शॉर्ट सर्किट हो गया। बिजली की तारें जलने लगीं और हॉल में धुआं भर गया। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत ही इस पर काबू पा लिया। लेकिन तुरंत ही प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म कर दी गई। मायावती बिना केक काटे और मीडिया के सवाल लिए बिना ही रवाना हो गईं।
इससे पहले अपने भाषण में ब्राह्मणों को सम्मान दिलाने की बात उन्होंने कहा। मायावती ने कहा, ‘ब्राह्मण समाज को किसी का बाटी चोखा नहीं चाहिए। उन्हें सिर्फ सम्मान चाहिए। हमारी सरकार बनने पर ब्राह्मणों की चाहत पूरी की जाएगी। ब्राह्मण समाज को भी कांग्रेस, बीजेपी या सपा के बहकावे में नहीं आना चाहिए’। गौरतलब है कि भाजपा के ब्राह्मण विधायकों ने पिछले दिनों एक बैठक की थी, जिसे लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने चेकावनी जारी की थी। बहरहाल मायावती ने बसपा की चुनावी रणनीति बताते हुए कहा, ‘बसपा पूरे देश में हर चुनाव अकेले ही लड़ेगी। यूपी में होने वाले चुनाव में बसपा अकेले ही उतरेगी। इसे लेकर किसी को कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



