अबुजा। नाइजीरिया की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के दूसरे सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ से नवाजा है। रविवार को नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू ने प्रधानमंत्री मोदी को सम्मानित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को भारत और नाइजीरिया के रिश्तों को समर्पित किया। इस मौके पर मोदी ने कहा- मैं नाइजीरिया के राष्ट्रीय सम्मान के लिए नाइजीरिया सरकार और नाइजीरिया की जनता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान मैं 140 करोड़ भारतीयों और भारत व नाइजीरिया की गहरी मित्रता को समर्पित करता हूं। उन्होंने कहा कि यह अवॉर्ड दोनों देशों के बीच रणनीतिक भागीदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को नाइजीरिया के दो दिन के दौरे पर पहुंचे। रविवार को उनके दौरे का आखिरी दिन था। उन्होंने रविवार सुबह नाइजीरिया के राष्ट्रपति के साथ राष्ट्रपति भवन में बैठक की थी। दोनों के बीच दोपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने कहा था- नाइजीरिया में रह रहे 60 हजार से ज्यादा भारतीय दोनों देशों के बीच मजबूत कड़ी हैं। उन्हें संभाल कर रखने और देखभाल करने के लिए मैं नाइजीरिया का धन्यवाद करता हूं।
प्रधानमंत्री मोदी नाइजीरिया का दूसरा सर्वोच्च सम्मान पाने वाले दूसरे विदेशी शख्स हैं। उनसे पहले ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ को 1969 में यह सम्मान दिया गया था। यह पीएम मोदी को मिलने वाला 17वां अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड है। इससे पहले नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनूबू भी अबुजा एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए पहुंचे थे। मंत्री न्येसोम विके ने पीएम मोदी को अबुजा शहर की चाबी सौंपी। नाइजीरिया में इसे विश्वास और सम्मान का प्रतीक माना जाता है। नाइजीरिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील के दौरे पर गए हैं, जहां वे जी 20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

