राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

मोदी विदेशी मदद से पीएम बने- राहुल

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि मोदी विदेशी ताकतों की मदद से प्रधानमंत्री बने थे और विदेशी ताकतों की मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं। उन्होंने विदेशी मदद के सवाल पर प्रधानमंत्री को कहीं भी बहस करने की चुनौती दी। गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा की ओर से राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों और देश के दुश्मनों से मिले होने के आरोप लगाए जाते थे।

खुद प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार, 31 अक्टूबर को अपने गुजरात दौरे के दूसरे दिन राहुल पर हमला किया था। उन्होंने विपक्ष पर देश के विकास में बाधा डालने और विदेशी ताकतों के समर्थन से भारत को कमजोर करने के आरोप लगाए थे। इसके दो दिन बाद राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिख कर प्रधानमंत्री पर तीखा हमला किया और उन्हें खुली बहस की चुनौती दी।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि देश की वित्तीय व्यवस्था से लेकर विदेशी सोशल मीडिया तक प्रधानमंत्री को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वे मोदी के बारे में सब जानते हैं इसलिए मोदी उनसे डरते हैं। राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखा, ‘मिस्टर मोदी, इस देश से झूठ बोलना बंद करें। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने। आप विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं। आपकी वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह से विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन में है। विदेशी सोशल मीडिया भी पूरी तरह से आपका समर्थन करता है’।

राहुल ने यह बात पहले अंग्रेजी में लिखी और उसी के नीचे हिंदी में भी लिखा। उन्होंने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री को इन आरोपों पर सार्वजनिक रूप से बहस करने की चुनौती भी दी। राहुल ने लिखा, ‘मैं आपको इस विषय पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच हो, कभी भी हो। अगर आपमें हिम्मत है, तो सामने आइए। आप ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे, क्योंकि आप इस बात से डरे हुए हैं कि मैं आपके बारे में क्या जानता हूं’।

असल में इससे दो दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में विपक्ष की भूमिका और उसकी राजनीति पर तीखे सवाल उठाए थे। उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी की विदेश यात्राएं, विदेश यात्रा में कथित गुप्त मुलाकात और देश के दुश्मनों की भाषा बोलने के आरोप लगाए थे। अब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के आरोपों का जवाब देते हुए उनके ऊपर ही विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बनने के आरोप लगा दिए हैं।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment