नई दिल्ली। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई मामूली रूप से घायल हैं। इजराइल के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। इजराइल की मीडिया ने बताया है कि मोजतबा युद्ध के पहले दिन हुए हमले में मामूली रूप से घायल हो गए थे। इजराइली खुफिया एजेंसियों का मानना है कि उनकी चोट ज्यादा गंभीर नहीं है, लेकिन इसी वजह से वे अभी तक सार्वजनिक तौर पर दिखाई नहीं दिए हैं। इससे पहले अमेरिकी मीडिया की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि हमले के दौरान उनके पैरों में चोट लगी थी। उन्हें किसी सुरक्षित जगह पर रखा गया है।
इस बीच बुधवार को 12वें दिन भी जंग जारी रही। ईरान ने अमेरिका और इजराइल के कई ठिकानों पर हमला किया तो इजराइल ने तेहरान पर बड़ा हमला बोला।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी ने दावा किया है कि उसने अमेरिका और इजराइल के ठिकानों की ओर मिसाइलों की 39वीं खेप दागी है। आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। उसके मुताबिक इन ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए गए।
उधर इजराइल और अमेरिका ने ईरान के साथ साथ लेबनान पर भी हमला जारी रखा है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक अमेरिका और इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान में एक बैंक को निशाना बनाया है। हालांकि यह साफ नहीं किया गया कि किस बैंक को निशाना बनाया गया। हालांकि इस हमले से परेशान ईरान ने कहा कि वह भी खाड़ी देशों के आर्थिक केंद्रों को निशाना बनाएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


