नई दिल्ली। इस बार दक्षिण पश्चिम मानसून भले तीन दिन की देरी से आया है लेकिन अब इसने रफ्तार पकड़ ली है। केरल के समुद्र तट पर पहुंचने के दो दिन के अंदर यह आधा दर्जन से ज्यादा राज्यों में पहुंच गया। शनिवार को मानसून आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम और मणिपुर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा में एंट्री की थी।
गौरतलब है कि देश में मानसून चार जून को पहुंचा था। मौसम विभाग के मुताबिक अगले सात जून तक मानसून पूर्वोत्तर के सभी राज्यों और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। अगले 10 दिनों में इसके बिहार, झारखंड और ओडिशा पहुंचने की संभावना है। हालांकि मौसम का पूर्वानुमान बताने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर ने कही है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बंगाल में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी रह सकती है, क्योंकि इसे आगे बढ़ाने के लिए बंगाल की खाड़ी में कोई मजबूत मौसम सिस्टम सक्रिय नहीं है।
इस बीच कई राज्यों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। राजस्थान के बीकानेर में शनिवार को ओले गिरे। श्रीडूंगरगढ़ में वेयरहाउस के टीनशेड और कोटपूतली बहरोड़ में टेंट उड़ गया। बिहार में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई। मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात को छोड़ कर देश भर में प्री मानसून गतिविधियां तेज हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और जम्मू कश्मीर में भारी बारिश के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


