राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

जोरदार बारिश के साथ मानसून

नई दिल्ली। तीन दिन की देरी से दक्षिण पश्चिम मानसून गुरुवार को केरल के समुद्र तट पर पहुंच गया। इसके साथ ही कई इलाकों में मानसून की बारिश शुरू हो गई। अगले सात दिन तक दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश होगी। देश के अन्य इलाकों में प्री मानसून बारिश भी जारी है। राजधानी दिल्ली में मानसून पहुंचने में अभी काफी समय है लेकिन फिर भी गुरुवार को दिल्ली में जोरदार बारिश हुई। तेज आंधी चली और कई जगह पेड़ गिरे। दिल्ली के साथ साथ कई और राज्यों में तेज बारिश हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिन में मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु को कवर कर सकता है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों के अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मानसून आगे बढ़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले सात दिन में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित कुछ अन्य राज्यों में प्री मानसून सक्रियता के असर से आंधी और बारिश की संभावना है।

गौरतलब है कि इस बार मानसून तीन दिन की देरी से पहुंचा है। आमतौर पर दक्षिण पश्चिमी मानसून एक जून को केरल पहुंचता है। इसके बाद डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेता है। 17 सितंबर के आसपास राजस्थान के रास्ते मानसून की वापसी शुरू होती है और 15 अक्टूबर तक यह पूरी तरह से लौट जाता है। इस बार सुपर अल नीनो की आशंका है, जिससे मानसून की बारिश सामान्य से कम हो सकती है।

बहरहाल, गुरुवार को दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में दोपहर को तेज बारिश हुई। इससे पहले तेज आंधी भी आई और चारों तरफ अंधेरा छा गया। कखई हिस्सों में आंधी के बाद पेड़ टूट कर सड़कों और गाड़ियों पर गिर गए। सड़कों पर पानी भरने और पेड़ गिरने से कई इलाकों में ट्रैफिक जाम लग गया। दिल्ली में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

मानसून के केरल पहुंचने की जानकारी देने के साथ ही मौसम विभाग ने बताया है कि ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और तेलंगाना सहित 24 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना है। राजस्थान, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश, ओले गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में भी दो दिन के लिए यलो अलर्ट है।

हालांकि देश के कई राज्यों में अभी भी गर्मी कम नहीं हुई है। गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, तमिलनाडु में गुरुवार को भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ रहा। इस बीच मौसम विभाग ने शनिवार तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी में तेज बारिश होने का अनुमान जताया है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर, लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर आंधी, तूफान के साथ ओले गिरने का भी अनुमान लगाया है।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ten − four =