नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में साध नगर की एक रिहायशी चार मंजिला इमारत में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गईष मरने वालों में तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। दो लोगों ने जान बचाने के लिए बिल्डिंग से छलांग लगा दी। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। फायर ब्रिगेड ने 10 लोगों को इमारत से निकाला। इनमें तीन लोग घायल हैं।
बताया जा रहा है कि आग बुधवार की सुबह करीब सात बजे लगी। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और तेजी से फैल गई। बताया जा रहा है कि इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर का इस्तेमाल कपड़े और कॉस्मेटिक सामान के स्टोरेज के लिए किया जा रहा था। दूसरी और तीसरी मंजिल पर लोग रहते थे। चौथी मंजिल पर एक टिन शेड बना हुआ था। आग की लपटें वहां तक पहुंच गई थीं।
पालम इलाके में लगी आग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष दो दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।


