नई दिल्ली। अमरनाथ यात्रा के रास्ते में भूस्खलन ने एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई है। इससे गुरुवार को दिन भर के लिए यात्रा रोक दी गई। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में लगातार बारिश हो रही है, जिससे बुधवार को गंदेरबल जिले के बालटाल मार्ग पर भूस्खलन हो गया। इसकी चपेट में आकर एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई। इसकी वजह से एक दिन के लिए यात्रा रोकनी पडी।
पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से पटरियों की तुरंत मरम्मत किए जाने की जरूरत है। इस वजह से फैसला किया गया है कि आज दोनों रूटों पर किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, पंचतरणी कैंप में रुके यात्रियों को बीआरओ और पर्वतीय बचाव दलों के साथ बालटाल की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है।
जम्मू कश्मीर के अलावा कई और राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। राजस्थान में दो दिन में 18 लोगों की मौत बारिश से जुड़ी अलग अलग घटनाओं में हुई। उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश जारी है। गुरुवार को प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों नदियां उफान पर हैं। नदियों के आसपास की पांच लाख आबादी पानी से घिर गई है। श्मशान घाटों में पानी भर गया है, जिससे सड़कों पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी है। 20 जून से अब तक 109 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं से आठ सौ करोड़ रुपए से ज्यादा की सरकारी और निजी संपत्ति का नुकसान हो चुका है। बिहार के अलग अलग जिलों में बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


