चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार की सुबह पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे। वहां उन्होंने वायु सेना के जवानों से मुलाकात की। पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने आदमपुर एयरबेस को नुकसान पहुंचाया है। लेकिन मंगलवार को प्रधानमंत्री एयरबेस पर गए और वहां करीब आधे घंटे का भाषण भी दिया। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा, ‘भारत में निर्दोष लोगों का खून बहाने का एक ही अंजाम होगा, विनाश और महाविनाश’।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘जिस पाकिस्तानी सेना के भरोसे ये आतंकी बैठे थे, भारत की सेना, एयरफोर्स और नेवी ने उस पाकिस्तानी सेना को भी धूल चटा दी है’। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान में ऐसा कोई ठिकाना नहीं है, जहां बैठ कर आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका तक नहीं देंगे। हमारे ड्रोन्स, मिसाइलों के बारे में सोचकर पाकिस्तान को कई दिन तक नींद नहीं आएगी’।
सीजफायर को लेकर प्रधानमंत्री ने एक बार फिर कहा कि पाकिस्तान की गुहार के बाद भारत ने सिर्फ अपनी सैन्य कार्रवाई को स्थगित किया है। उन्होंने कहा, ‘अगर पाकिस्तान ने फिर से आतंकी गतिविधि या सैन्य दुस्साहस दिखाया तो हम उसका मुंह तोड़ जवाब देंगे। यह जवाब अपनी शर्तों पर, अपने तरीके से होगा। इस निर्णय की आधारशिला, इसके पीछे छिपा विश्वास, आपका धैर्य, शौर्य, साहस और सजगता है। आपका हौसला, ये जुनून, ये जज्बा ऐसे ही बरकरार रखना है’। वायु सेना के जवानों से प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमें लगातार मुस्तैद रहना है। हमें तैयार रहना है। हमें दुश्मन को याद दिलाते रहना है कि ये नया भारत है, ये शांति चाहता है, लेकिन मानवता पर हमला होता है तो भारत युद्ध के मोर्चे पर दुश्मन को मिट्टी में मिलाना भी अच्छी तरह जानता है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


