राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

राहुल ने छात्रों से किया संवाद

देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देहरादून में शुक्रवार को छात्रों के साथ संवाद किया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवा और छात्र राहुल के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। ‘छात्रों की गूंज’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में राहुल ने केंद्र सरकार पर जम कर हमला बोला। उन्होंने प्रतियोगिता परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा उठाया और कहा कि यह छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है।

राहुल ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए केंद्र सरकार और परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य लगातार पेपर लीक की घटनाओं से बरबाद हो रहा है। राहुल ने कहा ‘पेपर लीक मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है, इससे लाखों युवाओं का विश्वास टूट रहा है’।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक में पूरा सिस्टम शामिल है, ऊपर से नीचे तक जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘कोचिंग माफिया, परीक्षा एजेंसियां और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं’। राहुल ने कहा, ‘परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज तक लेते हैं, लेकिन पेपर लीक उनकी मेहनत पर पानी फेर देता है’।

इससे पहले देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में कांग्रेस मूसलाधार बारिश के बीच ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शुरू हुआ। बारिश के बावजूद करीब 10 हजार छात्र और युवा कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। राहुल गांधी भीषण जाम में करीब 30 मिनट फंसने के बाद होटल से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। राहुल के लिए अलग मंच बनाया गया था, जिस पर वे अकेले थे। वहां से उन्होंने छात्रों से संवाद किया।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment