नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ अपनी बातचीत का एक वीडियो शनिवार को जारी किया। इसमें छात्रों से बात करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस के ऊपर तीखा हमला किया। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हों या राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, इनका लोकतंत्र मे विश्वास नहीं है।
इस वीडियो में राहुल छात्रों से कह रहे हैं, ‘ऊपर बैठे लोगों में से अधिकांश डेमोक्रेसी में विश्वास नहीं करते। प्रधानमंत्री, मोहन भागवत, आरएसएस के लोग डेमोक्रेसी में विश्वास नहीं करते’। उन्होंने देश के संभ्रांत वर्ग पर भी निशाना साथा और कहा, ‘एलीट वर्ग के लोग डेमोक्रेसी में विश्वास नहीं करते। शिक्षा का अनप्राइवेटाइज सिस्टम डेमोक्रेसी का सॉलिड प्रोटेक्टर है’।
इस वीडियो में राहुल ने उन प्रदर्शनकारी छात्रों से बात की, जो पुलिस की कार्रवाई का शिकार हुए थे। राहुल ने वीडियो के साथ एक पोस्ट भी लिखी है, जिसमें उन्होंने कहा है, ‘यौन उत्पीड़न, कपड़े खींचना और प्राइवेट पार्ट्स पर हमला, लोकतंत्र के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों और महिलाओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस की बर्बरता ने शर्मनाक हदें पार कर दी हैं’। इस वीडियो में प्रदर्शनकारी छात्र और छात्राओं ने अपना अनुभव सुनाया है। उन्होंने बताया है कि पुलिस ने उनके ऊपर किस तरह से हमला किया। एक छात्रा ने पुलिसकर्मियों द्वारा पिन चुभोने के आरोप भी लगाए।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



