राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

शाह, नितिन नबीन ने किया पलटवार

नई दिल्ली। पटना के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर बड़ा विवाद हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने  इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम लेकर उनके ऊपर निशाना साधा।

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया”।

शाह ने आगे कहा, ‘राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है’।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी एक्स पर पोस्ट कर खड़गे को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है। नितिन नबीन ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से दिवंगत परिजनों को विवादों में घसीटना कांग्रेस की सोच को उजागर करता है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment