नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपनी पार्टी के नेताओं को जवाब दिया है। थरूर ने अपनी निष्ठा पर सवाल उठा रहे लोगों को जवाब देते हुए कहा है कि देश के हित में काम करना, पार्टी के खिलाफ काम करना नहीं होता है। गौरतलब है कि कांग्रेस के अनेक नेता थरूर को भाजपा का करीबी कहने लगे हैं और उनके भाजपा में जाने की अटकलें लगा रहे हैं। थरूर अमेरिका और कई अन्य देशों के दौरे पर गए भारतीय डेलिगेशन का नेतृत्व कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘जो लोग राष्ट्रहित में काम करने को पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हैं, उन्हें खुद से सवाल करना चाहिए’। भारत के लिए वापसी के दौरान अमेरिका पहुंचने पर थरूर से कांग्रेस छोड़ने की अटकलों पर सवाल किया गया था। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘जब आप देश की सेवा कर रहे हों, तब ऐसी चीजों की ज्यादा परवाह नहीं करनी चाहिए। हमारे राजनीतिक मतभेद भारत के बॉर्डर के बाहर जाते ही खत्म हो जाते हैं। सीमा पार करते ही हम पहले भारतीय होते हैं’।
गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान की गतिविधियों की जानकारी देने के लिए विदेश दौरे पर गए सात में से एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व थरूर कर रहे हैं। सरकार के समर्थन में बोलने पर कांग्रेस कई नेता थरूर को भाजपा का सुपर प्रवक्ता बता रहे हैं। बहरहाल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत औरर पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता के बयान पर थरूर ने कहा, ‘मैं यहां किसी विवाद को हवा देने नहीं आया हूं। अमेरिकी राष्ट्रपति का सम्मान है। हमें नहीं पता उन्होंने पाकिस्तान से क्या कहा, पर हमें किसी की सलाह की जरूरत नहीं थी। हमने पहले दिन कहा था कि अगर पाकिस्तान हमला करेगा, तो हम और जोर से जवाब देंगे। और अगर वो रुक जाएगा, तो हम भी रुक जाएंगे’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



