सिक्किम के नामची जिले में एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच विशेषज्ञ बचाव दलों ने पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान जारी रखा।बुधवार रात करीब 10 बजे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल), आसनसोल की दूसरी बचाव टीम घटनास्थल पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान में शामिल हो गई।
नामची के जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि बचावकर्मियों ने देर रात तक समन्वित तरीके से अभियान चलाया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार अब तक सुरंग से 22 शव बरामद किए जा चुके हैं। शेष फंसे श्रमिकों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
सिक्किम सरकार, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा बचाव दलों और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।
Also Read : चेक बाउंस मामले में तमिल अभिनेता विमल को एक साल की जेल
गौरतलब है कि यह हादसा सोमवार दोपहर नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग के भीतर संभावित मीथेन गैस रिसाव से हुए विस्फोट के बाद हुआ। मंगलवार तड़के सात शव बरामद किए गए थे और बाद में मृतकों की संख्या 12 तक पहुंच गयी थी। लगातार भारी बारिश और सुरंग में जलभराव के कारण बचाव अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था।
अधिकारियों ने कहा कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे से पहले श्रमिकों ने तेज धमाके जैसी आवाज सुनी थी, जिसके बाद सुरंग जहरीली गैसों, विशेषकर मीथेन, से भर गई।
अधिकारियों ने कहा कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे से पहले श्रमिकों ने तेज धमाके जैसी आवाज सुनी थी, जिसके बाद सुरंग जहरीली गैसों, विशेषकर मीथेन, से भर गई।
एनएचपीसी के अनुसार हादसे के समय सुरंग में इंजीनियरों समेत 25 कर्मचारी मौजूद थे। सिक्किम के एक चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सबसे पहले बरामद चार शवों के पोस्टमार्टम में दम घुटने और जलने से लगी चोटों को मौत का कारण पाया गया।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


