राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सोनिया ने अपनी किताब का वीडियो जारी किया

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अगले महीने आने वाली अपनी किताब का एक वीडिया गुरुवार को जारी किया। गुरुवार को ही सोनिया गांधी पहली बार इंस्टाग्राम पर आईं। उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। अपने अकाउंट पर अपनी पहली पोस्ट में उन्होंने आने वाली किताब ‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ का वीडियो शेयर किया। यह किताब 10 नवंबर को लॉन्च होगी।

सोनिया ने इंस्टाग्राम पर अपनी पहली पोस्ट गुरुवार सुबह नौ बजे डाली। इसमें उन्होंने लिखा, ‘नमस्कार, मैं अपनी किताब आप सभी के साथ साझा करके खुश हूं। यह प्यार, कर्तव्य, अपनों को खोने और अपनेपन की जगह तलाशने की कहानी है। मैं इसे आप सबके साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं’। वीडियो में सोनिया अपने करीबियों और बेटी प्रियंका गांधी के साथ नजर आ रही हैं। इस दौरान प्रियंका ने मां को मिठाई भी खिलाई।

गौरतलब है कि इस किताब के प्रकाशन को लेकर विवाद हो गया था। पेंग्विन इंडिया किताब के प्रकाशन से पीछे हट गई थी। उसके बाद हार्पर कॉलिन्स इंडिया से उनकी किताब प्रकाशित हो रही है। बताया जा रहा है कि इसमें सोनिया ने इटली में बिताए बचपन से लेकर कैंब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और भारत आकर राजनीति में सक्रिय होने तक की अनेक अहम घटनाओं का जिक्र किया है। उन्होंने इसमें नेहरू गांधी परिवार में शादी और परिवार में हुई हत्याओं के बाद बदली जिंदगी के बारे में लिखा है।

सोनिया गांधी की इस आत्मकथा में राजीव गांधी से उनकी शादी और अपनी सास, इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात का भी वर्णन है। इसमें भारत में जीवन के साथ तालमेल बैठाने के उनके अनुभव शामिल हैं। इनमें हिंदी सीखना, साड़ी पहनना और भारतीय खानपान व संस्कृति को अपनाना भी शामिल है। किताब में गांधी परिवार को बदलकर रख देने वाली बड़ी त्रासदियों का भी जिक्र है। इनमें विमान हादसे में संजय गांधी की मौत, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या शामिल हैं।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment