नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला किया। उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि धरना देने और प्रदर्शन करने से कुछ हासिल नहीं होगा। शाह ने राहुल को जनता के बीच जमीन पर जाने की सलाह दी। अमित शाह ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों से कहा कि प्रदर्शन और धरने से कुछ हासिल नहीं होता। चुनाव जीतना है तो जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं समझनी होंगी और कल्याणकारी योजनाओं पर काम करना होगा।
अमित शाह ने कहा, ‘विपक्ष राजनीतिक चालबाजी और भीड़ के दम पर जनता के जनादेश को चुनौती नहीं दे सकता’। उन्होंने यह भी दावा किया क कांग्रेस अपनी नकारात्मक राजनीति के कारण अगले 30 साल तक सत्ता में नहीं आ पाएगी। इससे पहले अमित शाह ने दिल्ली में यमुना पुनर्जीवन से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड की 8,941 करोड़ रुपए की 33 परियोजनाओं की शुरुआत की।
इस कार्यक्रम में शाह ने कांग्रेस और आप को नसीहत देते हुए कहा, ‘अगर चुनाव जीतना है तो जनता के बीच जाइए और उनकी समस्याएं समझिए। ये प्रदर्शन और धरने कुछ हासिल नहीं करेंगे। जहां आपकी सरकार है, वहां जनता के कल्याण के लिए योजनाएं लागू कीजिए, नहीं तो बाकी जगहों से भी आपका सफाया हो जाएगा’। चुनाव आयोग को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर शाह ने कहा, ‘भाजपा की जीत के बाद चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाते हैं। दरअसल विपक्ष वोट चोरी का मुद्दा उठाकर अपनी हार का बहाना बना रहा है। जब विपक्ष चुनाव हारता है तो चुनाव आयोग की आलोचना करता है, जबकि अदालतों के फैसले अपने पक्ष में आने पर उन्हें सही बताता है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



