नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले का शुरू से विरोध कर रहे स्पेन ने अब युद्ध में शामिल अमेरिकी सैन्य विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। साथ ही उसने अमेरिकी सैनिकों के लिए अपने सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी है। स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गारिटा रोब्लेस ने कहा कि स्पेन अपने एयरस्पेस और सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल ईरान से जुड़े किसी भी सैन्य अभियान के लिए नहीं होने देंगे। इस फैसले के बाद अमेरिकी विमानों को अपना रास्ता बदलना पड़ेगा।
हालांकि स्पेन ने स्पष्ट कर दिया है कि मानवीय मदद और इमरजेंसी वाली उड़ानों को इस पाबंदी से छूट दी गई है। स्पेन के एक अन्य मंत्री कार्लोस कुएर्पो ने भी फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि उनका देश ऐसे युद्ध का साथ नहीं देना चाहते जो बिना वजह शुरू किया गया हो और कानून के खिलाफ हो। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज पहले ही अमेरिका और इजराइल के सैन्य अभियान की आलोचना कर चुके हैं।
उधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पेन के इस फैसले के जवाब में व्यापार पाबंदी से जुड़े कदम उठाने की धमकी दी है। गौरतलब है कि दुनिया के अनेक देश चाहते हैं कि अमेरिका इस युद्ध को खत्म करे। स्पेन की पाबंदी इसी का हिस्सा है। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के साथ चल रहे युद्ध को खत्म कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ट्रंप ऐसे नेता हैं जो इस संघर्ष को रोक सकते हैं। उन्होंने ट्रंप को शांति का पक्षधर बताते हुए युद्ध खत्म करने की अपील की।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



