नई दिल्ली। भारत में राजनीतिक दलों और कथावाचकों के विरोध की वजह से बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को शाहरुख खान की आईपीएल टीम केकेआर से निकाले जाने के बाद बांग्लादेश ने बड़ा फैसला किया है। बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप मुकाबले के लिए भारत आने से मना कर दिया है। उसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग की है। गौरतलब है कि इस साल फरवरी में टी20 क्रिकेट का विश्व कप भारत और श्रीलंका में होना है, जिसमें बांग्लादेश के सारे मैच भारत में रखे गए हैं।
बहरहाल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी ने आईसीसी मैच के वेन्यू बदलने की अपील की है। अब आईसीसी के ऊपर है कि वह मैच की जगह बदलता है या नहीं। इस बीच यह अटकलें भी लगने लगी हैं कि क्या बांग्लादेश की टीम टी20 विश्व कप से बाहर हो सकती है? गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के मैच भी न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाते हैं। क्या इस तरह की सुविधा बांग्लादेश को मिलेगी यह देखने वाली बात है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा के हवाले से मैच की जगह बदलने का अनुरोध किया है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले की जानकारी बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल मंत्री आसिफ नजरुल ने दा और फैसले की तारीफ की। गौरतलब है कि टी20 विश्व कप सात फरवरी से भारत और श्रीलंका में खेला जाना है। मैचों का शेड्यूल बदलना आसान नहीं है। सभी टीमों के टिकट पहले से बुक हैं। बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज में सभी चार मुकाबले भारत में ही तय हैं। तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



