नई दिल्ली। फिलिपींस की राजधानी मनीला में मंगलवार को क्वाड की अहम बैठक होने वाली है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बैठक में शामिल होंगे। दो साल से ज्यादा समय के बाद पहली बार क्वाड देशों के नेताओं की बैठक हो रही है। इस बीच विदेश मंत्रियों की बैठक होती रही थी। इस बैठक से पहले प्रधानमंत्री मोदी आसियान की बैठक में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को मनीला पहुंचे। प्रधानमंत्री का यह दौरा तीन दिन का है।
सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित आसियान गाला डिनर में हिस्सा लिया। इस दौरान मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष पोशाक ‘बारोंग टैगलॉग’ पहने नजर आए। यह पोशाक खास मौकों पर पहनी जाती है। मोदी 17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में शामिल होंगे।
इस सम्मेलन से इतर क्वाड की मीटिंग होगी, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भी शामिल होंगे। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच हिंद प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। क्वाड की शुरुआत वैसे तो जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पहल पर हुई थी। लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने 2017 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान इसे नए सिरे से शुरू किया था। हालांकि उनके दूसरे कार्यकाल में अभी तक इसकी एक भी बैठक नहीं हुई है। मनीला की बैठक में दो साल से ज्यादा समय बाद चारों देशों के नेता आमने सामने बैठेंगे। इसमें चीन के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी बातचीत हो सकती है। इसके अलावा सदस्य देशों के आपसी संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



