राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

भाजपा अध्यक्ष का चुनाव 20 जनवरी को

नई दिल्ली। पहले से लगाए जा रहे अनुमानों के मुताबिक भाजपा ने 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के चुनाव का फैसला किया है। भाजपा के चुनाव अधिकारी की ओर से अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है और इसका शेड्यूल जारी कर दिया गया है।  शुक्रवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक 19 जनवरी को नामांकन भरा जाएगा और 20 जनवरी को नए पार्टी अध्यक्ष का ऐलान होगा। असल में मौजूद अध्यक्ष जेपी नड्डा 20 जनवरी 2020 को अध्यक्ष बने थे। इसलिए 20 जनवरी को ही चुनाव की संभावना जताई जा रही थी।

बहरहाल, 20 जनवरी को मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को निर्विरोध अध्यक्ष चुना जा सकता है। बताया जा रहा है कि अकेले नितिन नबीन ही अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरेंगे और अगले दिन औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा कर दी जाएगी। गौरतलब है कि नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया गया था। उसी समय तय हो गया था कि वे जनवरी में पूर्णकालिक अध्यक्ष बनेंगे। वे भाजपा के 45 साल के इतिहास में सबसे युवा अध्यक्ष होंगे।

इससे पहले भाजपा ने 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। 2023 में उनका कार्यकाल खत्म हुआ था। तब से वे एक्सटेंशन पर थे। बहरहाल, भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव के चुनाव अधिकारी के लक्ष्मण ने चुनाव का शेड्यूल जारी किया। इसके मुताबिक, पार्टी प्रमुख के चुनाव के लिए नामांकन 19 जनवरी को दोपहर दो से चार बजे के बीच भरे जाएंगे और उम्मीदवार उसी दिन शाम पांच से छह बजे के बीच अपना नाम वापस ले सकते हैं।

लक्ष्मण ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो 20 जनवरी को वोटिंग होगी और उसी दिन नए चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। बताया गया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया दिल्ली में दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित पार्टी मुख्यालय में होगी। बिहार के रहने वाले नितिन नबीन अभी 45 साल के हैं और बिहार विधानसभा के सदस्य हैं। उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में थे।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nineteen + eleven =