राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

नेपाल को 15 हजार करोड़ की विकास सहायता देगा भारत

भारत ने पड़ोसी प्रथम की अपनी नीति पर चलते हुए नेपाल को विकास परियोजनाओं के लिए 15 हजार करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की है जिसमें आपदा के बाद पुनर्निर्माण और नई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता तथा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपये की ऋण सुविधा शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत यात्रा पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बीच हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में इस पर सहमति बनी। दोनों नेताओं ने भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम सोमवार को अंतराष्ट्रीय ट्रेन सेवा से जोड़ने का भी काम किया। दोनों देशों ने अपने संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ते हुए अयोध्या से नेपाल के जनकपुर के बीच यात्री ट्रेन सेवा का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया।

इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना भारत के धाम और राम दोनों अधूरे हैं। पद संभालने के बाद यह श्री शाह की पहली भारत यात्रा है। इस दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय मुद्दों और वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ के साझा दृष्टिकोण को भी अपनाया। इसमें आर्थिक सहयोग, संपर्क सुविधाओं, ऊर्जा, जल संसाधन, आपदा प्रबंधन, डिजिटल सेवाओं, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने का खाका तैयार किया गया है।

Also Read : जीत से चूका भारत, पहला टेस्ट मैच ड्रॉ

दोनों देशों ने रेल और सड़क संपर्क बढ़ाने पर भी सहमति जताई। अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत की गई। इससे रामायण सर्किट में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। दोनों देशों ने रक्सौल-काठमांडू विद्युतीकृत बड़ी रेल लाइन के प्रस्तावित मार्ग का सर्वेक्षण पूरा होने की घोषणा की। इसके अलावा नेपाल में पूर्व-पश्चिम रेल मार्ग के विकास में भी भारत सहयोग करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पारगमन व्यापार के लिए गुजरात के दीनदयाल बंदरगाह के इस्तेमाल की नई सुविधा देने की घोषणा की। ओडिशा के पारादीप बंदरगाह तक भी जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार होने के बाद पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। दोनों नेताओं ने सीमा पार संपर्क बढ़ाने के लिए नई रेल लाइनों, पुलों, एकीकृत जांच चौकियों और पेट्रोलियम पाइपलाइन के विकास पर भी जोर दिया।

ऊर्जा सहयोग के तहत दोनों प्रधानमंत्रियों ने 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी। साथ ही, मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को नेपाल की जनता को समर्पित किया। नेपाल के झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला भी रखी गई। दोनों पक्षों ने सिलीगुड़ी से झापा तक पेट्रोलियम पाइपलाइन का काम जल्द शुरू करने पर जोर दिया।

शिक्षा और तकनीकी सहयोग बढ़ाने के लिए भारत नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान का एक परिसर स्थापित करेगा। दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य, आयुर्वेद, अंतरिक्ष, सतत शहरी विकास, पशुधन और मत्स्य पालन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए आठ समझौता ज्ञापनों का भी आदान-प्रदान हुआ।

नेपाल के प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। उनकी यात्रा की तारीखें राजनयिक माध्यमों से तय की जाएंगी।

Pic Credit : UNI

Tags :

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment