नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। आठ महीने पहले प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी यह पहली विदेश यात्रा है। उनसे पहले प्रधानमंत्री बने केपी शर्मा ओली ने परंपरा तोड़ कर पहले चीन का दौरा किया था। बहरहाल, अपनी दो दिन की यात्रा के पहले दिन बालेन शाह ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच आपसी संबंधों को लेकर बातचीत हुई।
सोमवार को नेपाल के पीएम बालेन शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह की दोपक्षीय बैठक होगी। दोनों के बीच कई परियोजनाओं को लेकर बातचीत होगी। नेपाल को मदद और कर्ज देने के मामले में समझौता हो सकता है। इसके साथ सीमा को लेकर भी बातचीत होने की संभावना है।
दोपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेता भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या और नेपाल में देवी सीता के जन्मस्थान जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलने वाली यह ट्रेन 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी। जनकपुरधाम से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी। इससे भारत में भगवान राम की जन्मभूमि और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि के बीच सीधा रेल संपर्क बनेगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



