राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

राहुल का मोदी पर निशाना

नई दिल्ली। फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री यानी फिक्की के सालाना समारोह में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा, उसे लेकर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने उन पर निशाना साधा है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि मोदी ने नोटबंदी और जीएसटी से छोटे व्यापारियों को बरबाद कर दिया। उन्होंने यह भी लिखा कि जो बड़ी कंपनियां ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करती थीं, उनके लिए भी मोदी ने मैदान ही खत्म कर दिया।

राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी पर चुनिंदा कंपनियों का एकाधिकार बनवाने का दावा करते हुए लिखा कि मोनोपॉली से नौकरियां पैदा नहीं होतीं। इससे कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है। गौरतलब है कि मोदी ने गुरुवार को फिक्की के कार्यक्रम में कहा था कि सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स 30 से घटाकर 22 फीसदी किया और 12 लाख रुपए तक की सालाना कमाई टैक्स फ्री कर दी। लेकिन, क्या कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई?

इस पर मोदी को निशाना बनाते हुए राहुल ने लिखा, ‘मोदी जी, लूट तो आपने और आपके दोस्तों ने की है। देश ने इसे देखा है और आज भी देख रहा है। तारीफ नहीं मिली तो बुरा मान गए’? उद्योगपतियों का समर्थन करते हुए राहुल ने कहा, ‘आप कहते हैं कि वे इतने भूखे हैं कि अपना पेट भी नहीं भर सकते। बहुत खूब। पूरा देश जानता है कि यह भूख किसकी है। हवाईअड्डे, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला, सड़कें सब कुछ उन्हें सौंप दिया गया। उन्होंने कितनी नौकरियां पैदा कीं’? राहुल ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन माना जा रहा है कि उनका इशारा अडानी और अंबानी की ओर था।

राहुल ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, ‘आपकी नीतियों ने किसी को भी तारीफ के काबिल नहीं छोड़ा, न उद्योगपतियों को, न छोटे व्यापारियों को, न महंगाई से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग को, और न ही बेरोजगार युवाओं को। अब जो भी समर्थक आपके पास बचे हैं, उन्हीं से अपनी तारीफ करवा लीजिए और उनसे थालियां बजवा लीजिए’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment