ढाका। बांग्लादेश में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर पर शुक्रवार को पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी गई। घटना के समय हुमायूं कबीर वहां मौजूद नहीं थे। घटना के बाद आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कबीर ने इस हमले के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया। गौरतलब है कि एक दिन पहले हसीना की पार्टी ने बांग्लादेश बंद शुरू किया था और पहले ही दिन बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया रहे मोहम्मद यूनुस का घर जला दिया गया था।
उसके एक दिन बाद विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर का घर जलाया गया है। उन्होंने इसके लिए अवामी लीग पर हमला करते हुए उसे आतंकवादी संगठन बताया। कबीर ने कहा कि हिंसा के जरिए दिल्ली से किसी भगोड़े को कमर्शियल फ्लाइट से बांग्लादेश वापस नहीं लाया जा सकता। इसके लिए प्रत्यर्पण संधि का ही रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
गौरतलब है शेख हसीना ने दिसंबर में ढाका लौटने का ऐलान किया है। जैसे जैसे उनके लौटने का समय आ रहा है वैसे वैसे बांग्लादेश में हिंसा बढ़ रही है। उनकी पार्टी अवामी लीग के बुलाए गए ‘लॉकडाउन’ के कारण बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी हुई है। गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के घर में आग लगा दी थी।
इस बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग पर हिंसा फैलाने और देश में साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने परोक्ष रूप से भारत पर भी हमला किया। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने गुरुवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 16 साल तक जबरन सत्ता में रहने के बाद देश छोड़कर भागे लोग अब सीमा पार से बांग्लादेश के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘वे जिस देश में भागकर गए हैं, वहीं उनके आका हैं। उन्हें खुश करने के लिए वे बांग्लादेश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



