नई दिल्ली। भारत की एक और विमानन कंपनी की हालत खराब है। स्पाइसजेट की उड़ानें लगातार रद्द हो रही हैं और यात्रियों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसे लेकर नागरिक विमानन महानिदेशालय यानी डीजीसीए ने कंपनी को नोटिस भी जारी किया है। खबर है कि कंपनी के पास अब सिर्फ 13 विमान बचे हैं। ध्यान रहे सात साल पहले 2019 में स्पाइसजेट देश की दूसरी सबसे बड़ी विमानन कंपनी थी।
खबर है कि अब उसके पास सिर्फ 13 विमान बचे हैं और उनमें से भी 10 से भी कम उड़ान भरने की स्थिति में हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस साल अगस्त और सितंबर में स्पाइसजेट की हर पांच में से एक उड़ान कैंसिल हुई। पिछले नौ महीने में कंपनी का मार्केट शेयर 3.9 से घट कर 0.6 फीसदी हो गया है। लगातार फ्लाइट कैंसिल होने, देरी और ऑपरेशनल गड़बड़ियों को लेकर डीजीसीए ने स्पाइसजेट को नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी नोटिस का जवाब सात दिन में मांगा गया है।
बताया जा रहा है कि स्पाइसजेट ने 2026 में छोटे और दूरदराज के शहरों के लिए नियमों के मुताबिक उड़ानें संचालित नहीं कीं। डीजीसीए ने इन रूट्स पर बार बार नियम तोड़ने की बात कही है। सर्दियों में रोजाना 66 उड़ानों की मंजूरी के बावजूद कंपनी करीब 15 उड़ानें ही चला पा रही थी। कंपनी पर चार हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज है। लीज पर विमान देने वाली कंपनियों को पेमेंट नहीं कर पाने के कारण कई विमान हटाए गए हैं या ग्राउंडेड हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



