राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

राजस्थान में कांग्रेस की बड़ी जीत

जयपुर। राजस्थान शहरी निकायों में भाजपा ने जीत हासिल की थी लेकिन गांवों में कांग्रेस ने उससे बड़ी जीत हासिल की है। पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस ने भाजपा को बुरी तरह से हराया है। कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है और 37 में से 33 जिलों में भाजपा को हराया है। कांग्रेस की आंधी ऐसी थी कि भाजपा की सरकार के कई मंत्रियों के परिजन चुनाव हार गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए ये नतीजे खतरे की घंटी हैं।

शुक्रवार की शाम तक हुई गिनती के मुताबिक कांग्रेस ने 3,701 पंचायत समितियों में जीत हासिल की है, जबकि भाजपा सिर्फ 2,181 जीत पाई। ऐसे ही जिला परिषद में कांग्रेस ने 599 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा के खाते में 301 सीटें आईं। यहां कांग्रेस की सीटें भाजपा से लगभग दोगुनी हैं। पंचायत समिति चुनाव में 37 जिलों में से 33 में कांग्रेस की सीटें भाजपा से अधिक रहीं। भाजपा सिर्फ अजमेर, बालोतरा, सलूंबर और उदयपुर में आगे रही।

जिला परिषद चुनाव में भी भाजपा की हालत खराब रही। 24 जिलों में कांग्रेस और छह जिलों में भाजपा अधिक सीटों पर आगे रही। जयपुर में कांग्रेस ने 216 पंचायत समिति सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 87 सीटें मिलीं। जोधपुर में कांग्रेस 195 और भाजपा सिर्फ 81 सीटों पर जीती है। सीकर में कांग्रेस ने 179 और भाजपा ने 87 सीटें हासिल कीं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस को 46, भाजपा को 32 और निर्दलीयों को 76 सीटें मिलीं।

गौरतलब है कि राजस्थान के 41 में से 37 जिलों में जिला परिषद के 1,275 और 419 पंचायत समिति के 7,543 सदस्यों के लिए चुनाव हुए थे। इन पदों के लिए चार चरणों में 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और 14 नवंबर को चुनाव हुए थे। इन चुनावों में 2.48 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने वोट डाला था। अभी चार जिलों कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में वोटों की गिनती नहीं हुई है। इन चारों जिलों में 17 दिसंबर को गिनती होगी, क्योंकि मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है।

इन चुनावों में भाजपा के कई दिग्गज नेताओं को भी झटका लगा है। सीकर में मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी और बेटे अजय सिंह को पंचायत समिति चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। दोनों भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े थे। खर्रा के दूसरे बेटे दुर्गा सिंह ने वार्ड 19 से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, वे भी चुनाव हार गए। हालांकि चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और बहू कनिका सिंह ने जिला परिषद चुनाव जीत लिया। पराक्रम सिंह ने वार्ड 39 से 17,861 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि उनकी पत्नी कनिका सिंह ने वार्ड 23 से 2,384 वोटों से जीत हासिल की।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment