नई दिल्ली। देश भर में हीटवेव का असर फिलहाल खत्म हो गया है। ज्यादातर राज्यों में बारिश हो रही है और तापमान में गिरावट आई है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो से तीन दिन में मानसून केरल पहुंच सकता है। गौरतलब है कि दक्षिण पश्चिम मानसून एक जून के आसपास केरल पहुंचता है लेकिन इस बार पिछले कई दिनों से एक जगह अटका हुआ था। अब यह आगे बढ़ा है और अगले दो से तीन दिन में केरल पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल है। बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों में भी मानसून आगे बढ़ सकता है। ध्यान रहे अपने शुरुआती अनुमान में मौसम विभाग ने कहा था कि मानसून 26 मई को केरल पहुंचेगा, लेकिन बाद में इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई। अब इसके जून के पहले सप्ताह में पहुंचने की संभावना है।
इस बीच देश भर में फिलहाल हीटवेव का असर खत्म हो गया है। राजस्थान के कई इलाकों में बारिश हुई है और ओले गिरे हैं। मध्य प्रदेश के चार जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई है। उत्तर प्रदेश के झांसी और ललितपुर में तेज बारिश हुई, जबकि 63 जिलों में आंधी व बारिश का अलर्ट जारी है। बिहार के सासाराम में भी दोपहर बाद बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा और पंजाब सहित 27 राज्यों में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस साल देश में मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। पूरे सीजन में बारिश लॉन्ग पीरियड एवरेज का करीब 90 फीसदी रहने का अनुमान है। सुपर अल नीनो की संभावना के कारण ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है।


