राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

तीन अमेरिकी सैनिक मारे गए

नई दिल्ली। रविवार की देर शाम ईरान की कमांडो फोर्स आईआरजीसी ने अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर हमला करने का दावा किया। हालांकि अमेरिका ने इस दावे को खारिज कर दिया लेकिन यह बताया कि ईरान के हमले में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई और पांच सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रविवार को ईरान के हमले में इजराइल, कुवैत सहित कई देशों में लोगों की जान गई और अनेक बड़ी इमारतें तबाह हुई हैं। ईरान के हमले में अबू धाबी में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। दूतावास ने बताया है कि घायल व्यक्ति खतरे से बाहर है।

उधर इजरायल के शहर बेइत शेमेश में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 20 अन्य घायल हुए हैं। यह शहर यरुशलम से लगभग 30 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। इसके बाद ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी ‘इरना’ ने दावा किया है कि ईरानी सेना ने अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। हालांकि बाद में अमेरिका ने इस हमले की खबर का खंडन कर दिया।

इस बीच रविवार को ईरान ने पश्चिम एशिया के 10 देशों पर हमला किया। इस हमले में संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में मरने वालों की संख्या बढ़ कर तीन हो गई है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बताया कि मरने वालों में पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक शामिल हैं। ईरान के हमले में 58 अन्य लोग घायल हुए हैं। दुबई एयरपोर्ट पर हमले में चार लोग घायल हुए। यूएई की ओर से बताया गया कि ईरान ने यूएई की ओर 165 बैलेस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें से 152 को एयर डिफेंस ने नष्ट कर दिया और 13 समुद्र में गिरीं।

उधर कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि ईरान ने उस पर 97 बैलेस्टिक मिसाइलें और 283 ड्रोन दागे हैं। कुवैती एयरफोर्स ने कई मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया। लेकिन कुछ इलाकों में मलबा गिरने से नुकसान और घायल होने की खबरें हैं। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स, आईआरजीसी ने कहा कि ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ के तहत हिंद महासागर में कई हमले किए गए हैं। उनका कहना है कि जेबेल अली में खड़े एक जहाज पर चार ड्रोन से हमला किया गया। यह जहाज अमेरिकी जहाजों के लिए हथियार ले जा रहा था। हमले में जहाज को भारी नुकसान हुआ और वह काम करने लायक नहीं रहा।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nine + four =