नई दिल्ली। कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन को कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। पिछले कई दिनों से इस बात की चर्चा हो रही थी कि पवन कुमार बंसल की जगह कांग्रेस किसे कोषाध्यक्ष बनाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवारक को अजय माकन को पार्टी का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
गौरतलब है कि अजय माकन से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष थे। अहमद पटेल के निधन के बाद उन्हें इस पद पर नियुक्त किया गया था। अब बंसल की जगह माकन कोषाध्यक्ष बने हैं। अजय माकन कांग्रेस के महासचिव और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य हैं। वे मनमोहन सिंह की कैबिनेट में मंत्री थे और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के मंत्रिमंडल में भी मंत्री थे। वे नई दिल्ली सीट से दो बार सांसद रहे और तीन बार दिल्ली विधानसभा के लिए चुने गए। माकन दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और दिल्ली विधानसभा के स्पीकर भी रह चुके हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


