झंझारपुर। बिहार के दौरे पर गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झंझारपुर में भाजपा की एक रैली को संबोधित किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला किया। अपने पूर्व सहयोगी नीतीश कुमार को निशाना बनाते हुए शाह ने कहा कि अब नीतीश को लालू प्रसाद की पार्टी की गड़बड़ियां और भ्रष्टाचार नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने राजद और जदयू के गठबंधन को स्वार्थी गठबंधन बताते हुए कहा कि यह फिर से बिहार को जंगलराज की ओर ले जा रहा है। अमित शाह ने बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटें जीतने का दावा भी किया।
अमित शाह ने अपने भाषण में अराजकता और माफिया राज का जिक्र किया और कहा कि राज्य में कमल खिलाने के लिए वे झंझारपुर लोकसभा में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ दिन पहले लालू-नीतीश सरकार ने एक फतवा जारी किया था कि बिहार में रक्षाबंधन और जन्माष्टमी की छुट्टी नहीं होगी। लेकिन बिहार की जनता ने इनकी शान को ठिकाने लगा दिया। शाह ने कहा कि 2014 में 40 फीसदी वोट और 31 सीटों के साथ बिहार की जनता ने मोदीजी को प्रधानमंत्री बनाया था। 2019 में 53 प्रतिशत वोट और 39 सीटें देकर मोदी जी को फिर से पीएम बनाया।
अमित शाह ने कहा- पीएम मोदी ने भी मिथिलांचल, बिहार और झंझारपुर और गरीबों के लिए बहुत से काम किए हैं। झंझारपुर की जनता जिस उत्साह से मोदीजी के समर्थन में जमा हुई है इससे पूरा भरोसा है कि 2024 में बिहार में 39 सीटों का रिकॉर्ड तोड़ कर पूरी 40 सीटें एनडीए और बीजेपी ही जीतेगी। राजद और जदयू पर हमला करते हुए अमित शाह ने कहा कि आए दिन बिहार में गोलीबारी, लूट खसोट, अपहरण, पत्रकारों और दलितों की हत्या के किस्से बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वार्थी गठबंधन बिहार को फिर से जंगलराज की तरफ ले जाएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



