Thursday

10-07-2025 Vol 19

आज भाजपा का घोषणापत्र

217 Views

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण की 102 सीटों पर मतदान समाप्त होने से तीन दिन पहले रविवार यानी 14 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र जारी होगा। भाजपा ने इसे संकल्प पत्र नाम दिया है। दिल्ली में दीनदयाल उपाध्याय रोड पर स्थित भाजपा मुख्यालय में चुनाव घोषणापत्र जारी किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के अन्य बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव घोषणापत्र के लिए 25 जनवरी 2024 को जनता से सुझाव मांगे थे। पार्टी को इसके लिए 15 लाख से ज्यादा सुझाव मिले। खबरों के मुताबिक, नमो ऐप के जरिए चार लाख और वीडियो के जरिए 11 लाख सुझाव मिले। बताया जा रहा है कि इनमें से कई सुझावों को भाजपा ने घोषणापत्र में शामिल किया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों की ओर से जाति गणना कराने का दावा किए जाने के बाद कहा था कि उनके लिए चार ही जातियां हैं युवा, महिला, गरीब और किसान। बताया जा रहा है कि इन चारों का घोषणापत्र में खास ख्याल रखा गया है।

जानकार सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के घोषणापत्र में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से जुड़े कुछ पारंपरिक विषयों के अलावा प्रधानमंत्री मोदी की गारंटियों को खासतौर से शामिल किया गया है। यह भी कहा जा रहा है कि ऐसी घोषणाओं को इसमें शामिल किया गया है, जिनके लोगों को भरोसा दिलाया जा सके कि इन्हें पूरा किया जाएगा। इससे पहले भाजपा ने 30 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए घोषणापत्र समिति का ऐलान किया था। राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली इस समिति कुल सदस्य हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संयोजक और पीयूष गोयल इसके सह संयोजक हैं। इसके अलावा कमेटी में चार राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल किए गए थे। कई केंद्रीय मंत्री भी कमेटी के सदस्य हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस ने पांच अप्रैल को अपना घोषणापत्र जारी किया था। उसने इसे न्याय पत्र नाम दिया। कांग्रेस पार्टी ने इसमें पांच न्याय के साथ 25 गारंटियां दी हैं।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *