नई दिल्ली। चंद्रयान-तीन के चंद्रमा पर उतरने की परिघटना का टेलीविजन चैनलों पर सीधा प्रसारण होगा और इसके अलावा दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी इस ऐतिहासिक घटना को दिखाया जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, इसरो को उम्मीद है कि बुधवार की शाम को चंद्रयान-तीन का लैंडर विक्रम सफलतापूर्वक लैंड हो जाएगा। गौरतलब है कि इसरा का पिछला अभियान विफल रहा था। लेकिन इस बार इसरो को सॉफ्ट लैंडिंग की उम्मीद है।
इस बीच इसरो ने रविवार को कहा कि उसने चंद्रयान-तीन मिशन के लैंडर मॉड्यूल को कक्षा में थोड़ा और नीचे सफलतापूर्वक पहुंचा दिया। इसके अब 23 अगस्त को शाम छह बज कर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर उतरने की उम्मीद है। इसरो ने कहा कि लैंडर माड्यूल प्रस्तावित सॉफ्ट लैंडिंग से पहले अंदरूनी जांच की प्रक्रिया से गुजरेगा। इससे पहले, इसरो ने कहा था कि लैंडर 23 अगस्त को शाम 5.47 बजे पर चंद्रमा की सतह पर उतरेगा।
इसरो के रविवार को कहा कि चंद्रयान-तीन मिशन के जरिए अंतरिक्ष के शोध में भारत एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करेगा। उसने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और उद्योग की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है जो अंतरिक्ष अन्वेषण में राष्ट्र की प्रगति को दिखाता है। यह भी बताया गया है कि इस ऐतिहासिक परिघटना का 23 अगस्त को टेलीविजन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।
चंद्रयान-तीन के लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग को इसरो की वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, इसरो के फेसबुक पेज, और दूरदर्शन नेशनल टीवी चैनल सहित कई प्लेटफॉर्म पर शाम करीब साढ़े पांच बजे से लाइव दिखाया जाएगा। इसरो ने कहा है- चंद्रयान-तीन की सॉफ्ट लैंडिंग एक ऐतिहासिक क्षण है जो न केवल उत्सुकता बढ़ाएगा, बल्कि हमारे युवाओं के मन में अन्वेषण की भावना भी उत्पन्न करेगा। इसरो ने यह भी कहा कि देश भर में सभी स्कूल और शैक्षणिक संस्थानों को छात्रों और शिक्षकों के बीच इसे सक्रियता से प्रचारित करने के लिए आमंत्रित किया गया है और चंद्रयान-तीन की सॉफ्ट लैंडिंग का परिसरों में सीधा प्रसारण आयोजित किया जाएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



