मॉस्को। रूस ने दशकों बाद अपना मिशन चंद्रमा पर भेजा था लेकिन उसका अंतरिक्ष यान उतरने के क्रम में चंद्रमा की सतह से टकरा कर नष्ट हो गया। रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस ने बताया कि लूना-25 अंतरिक्ष यान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। लूना-25 का क्रैश होना रूस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। दरअसल, सन 1976 के बाद से यह पहला मिशन था, जो रूस के लिए काफी महत्वपूर्ण था, लेकिन ये सफल नहीं हो पाया है।
सोवियत संघ के विघटन के बाद रूस ने कोई भी चंद्र मिशन लॉन्च नहीं किया था। रूस की अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि लूना-25 प्रपोल्शन मैनूवर के समय चंद्रमा की सतह से टकरा गया। एजेंसी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है- 19 अगस्त को, लूना-25 उड़ान कार्यक्रम के अनुसार, इसकी प्री-लैंडिंग अंडाकार कक्षा बनाने के लिए इसे गति प्रदान की गई थी। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब दो बजकर 57 मिनट पर लूना-25 का कम्युनिकेशन सिस्टम ब्लॉक हो गया था। इस वजह से कोई भी संपर्क कायम नहीं हो पाया।
गौरतलब है कि शनिवार को ही अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस की ओर से बताया गया था कि लैंडिंग से पहले लूना-25 में कुछ तकनीकी समस्याएं आने लगी थीं। एक बयान में रोस्कोस्मोस ने कहा कि उपकरण एक अप्रत्याशित कक्षा में चला गया और चंद्रमा की सतह से टकराने के बाद उसका अस्तित्व खत्म हो गया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



