नई दिल्ली। विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ‘इंडिया’ की चौथी बैठक मंगलवार को राजधानी दिल्ली के अशोक होटल में होगी। इसमें गठबंधन में शामिल 28 पार्टियों के नेताओं के हिस्सा लेने की संभावना है। बैठक में शामिल होने के लिए नेताओं को दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में विपक्षी पार्टियों के बीच संसद में चल रहे गतिरोध पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा सीट बंटवारे और साझा रैली को लेकर भी चर्चा होगी। इससे पहले 31 अगस्त और एक सितंबर को आखिरी बैठक मुंबई में हुई थी।
विपक्षी गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने के लिए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पहले ही दिल्ली आ गए थे। सोमवार की शाम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी दिल्ली पहुंचे। उनके साथ सूचना व जनसंपर्क और जल संसाधन मंत्री संजय झा भी दिल्ली आए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह सहित तमाम सांसद पहले से दिल्ली में हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार की बैठक में सीट बंटवारे के बारे में बात होगी और एक कमेट भी बनाई जा सकती है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चार दिन की यात्रा पर रविवार को दिल्ली पहुंचीं। वे मंगलवार को विपक्षी गठबंधन की बैठक में शामिल होंगी और बताया जा रहा है कि बुधवार, 20 दिसंबर को सुबह 11 बजे संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलेंगी। कोलकाता से रवाना होने से पहले ममता ने हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि वे पश्चिम बंगाल के लिए केंद्रीय फंड जारी करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री से मिलेंगी।
इस बीच खबर है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार की बैठक में शामिल नहीं होंगे। जेएमएम के दोनों सांसद बैठक में शामिल होंगे। हेमंत सोरेन की जगह गठबंधन की बैठक में राजमहल के झामुमो सांसद विजय हांसदा और राज्यसभा सदस्य महुआ माजी भाग लेंगे। गौरतलब है कि झारखंड में विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है इसलिए मुख्यमंत्री दिल्ली नहीं आए हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


