nayaindia Kharge Delhi दिल्ली में खड़गे ने किया चुनाव प्रचार का आगाज

दिल्ली में खड़गे ने किया चुनाव प्रचार का आगाज

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रैली करके चुनाव प्रचार का आगाज किया। उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले चल रहे कांग्रेस के न्याय संकल्प सम्मेलन के तहत उत्तराखंड और ओडिशा के बाद दिल्ली में तीसरी रैली की। खड़गे ने अपनी रैली में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भाजपा पर हमला बोला। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से लोगों के जुड़ने की अपील भी की।

खड़गे ने कहा- पिछले 21 दिन से भारत जोड़ो न्याय यात्रा चल रही है। राहुल गांधी जी इस यात्रा में न्याय के पांच स्तंभ लेकर निकले हैं। वे जनता के हक के लिए लड़ रहे हैं। हर कांग्रेस कार्यकर्ता में जोश आना चाहिए कि यह लड़ाई किसी एक के लिए नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा के लिए है। खड़गे ने केंद्र के ऊपर मनमानी के आरोप लगाते हुए लोगों से कहा- अगर आप इस लड़ाई में कांग्रेस का साथ नहीं देंगे तो मोदी के गुलाम हो जाएंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- आज देश के सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली हैं। प्रधानमंत्री मोदी नौकरियां इसलिए नहीं दे रहे हैं, क्योंकि इसमें आरक्षण से एससी, एसटी और ओबीसी के लोग आएंगे। मोदी जी का नारा था- सबका साथ, सबका विकास, लेकिन उन्होंने सबका सत्यानाश कर दिया। खड़गे ने कहा- आज हर अखबार में मोदी की गारंटी लिखा रहता है। मोदी जी की गांरटी थी- हर साल दो करोड़ नौकरियां, लोगों के खाते में 15-15 लाख रुपए, लेकिन मोदी ने कुछ भी नहीं दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाते हुए खड़गे ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को सिर्फ धोखा दिया है, जबकि कांग्रेस ने जो भी वादा किया, उसे पूरा करके दिखाया। खड़गे ने कहा- आज अगर कोई अन्याय के खिलाफ लड़ता है तो एफआईआर हो जाती है। प्रधानमंत्री मोदी विपक्ष को ईडी, सीबीआई, आईटी से डराकर राज करना चाहते हैं। अगर एमपी, एमएलए विपक्ष के हैं तो वो कलंकित होते हैं, लेकिन अगर वो बीजेपी में शामिल हो जाएं तो पाक साफ हो जाते हैं।

Tags :

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें