nayaindia lok sabha chunav 2024 कंगना रनौत, अरुण गोविल भाजपा उम्मीदवार

कंगना रनौत, अरुण गोविल भाजपा उम्मीदवार

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। पांचवीं सूची में 111 प्रत्याशियों के नाम हैं। इनका फैसला शनिवार को हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हुई थी। शनिवार को करीब एक बजे रात तक केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। उसमें 17 राज्यों के 111 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगी। भाजपा ने ओडिशा की सभी 21 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही खबर आ गई थी कि बीजू जनता दल से तालमेल नहीं हो सका है। भाजपा ने बिहार में अपने कोटे की सभी 17 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।

रविवार की शाम को जारी हुई सूची में फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत का नाम है। वे हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से चुनाव लड़ेंगी। इसी तरह रामायण धारावाहिक में भगवान राम का चरित्र निभाने वाले अरुण गोविल को उत्तर प्रदेश की मेरठ सीट से टिकट मिली है। रविवार को ही भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व सांसद और कारोबारी नवीन जिंदल को हरियाणा की कुरुक्षेत्र सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने झारखंड की दुमका सीट से अपना प्रत्याशी बदल दिया है। मौजूदा सांसद सुनील सोरेने की जगह पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुईं शिबू सोरेन की बहू सीता सोरेन को उतारा गया है।

राजस्थान के सात उम्मींदवारों में से तीन महिला प्रत्याशी है। जयपुर से मंजु शर्मा, राजसमंद से महिमा विश्लेश्वर सिंह और गंगानगर से प्रियंका बालन को उम्मीदवार बनाया गया है। राजस्थान की इस लिस्ट में भाजपा ने पांच मौजूदा सांसदों के टिकट काटे है।

भाजपा ने उत्तर प्रदेश की पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी की टिकट काट दी है लेकिन सुल्तानपुर सीट से उनकी मां मेनका गांधी को फिर से टिकट मिल गई है। पार्टी ने गाजियाबाद के सांसद जनरल वीके सिंह की जगह अतुल गर्ग को टिकट दी है। बदायूं सीट से सांसद संघमित्रा मौर्य की दुर्विजय सिंह शाक्य को उम्मीदवार बनाया गया है। संघमित्रा मौर्य सपा के पूर्व नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी हैं। ओडिशा की संभलपुर सीट से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा एक बार फिर पुरी सीट से चुनाव लड़ेंगे। बिहार में भाजपा ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की टिकट काट दी है।

भाजपा की पांचवीं सूची में आंध्र प्रदेश के छह, बिहार के 17, गोवा के एक, गुजरात के छह, हरियाणा के चार, हिमाचल प्रदेश के दो, झारखंड के तीन, कर्नाटक और केरल के चार-चार, महाराष्ट्र के तीन, मिजोरम के एक, ओडिशा के 21, राजस्थान के सात, सिक्किम के एक, तेलंगाना के दो, उत्तर प्रदेश के 13 और पश्चिम बंगाल के 19 उम्मीदवारों के नाम हैं। भाजपा ने हाल ही में इस्तीफा देने वाले हाई कोर्ट के जज जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय को पश्चिम बंगाल की तामलुक सीट से उम्मीदवार बनाया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें