बुलंदशहर। अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका है। उन्होंने बुलंदशहर में हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने शासकों जैसा बरताव किया और जनता को हमेशा अभाव में रखा। उन्होंने यह भी कहा कि पहले की सरकारों ने समाज को बांटकर सत्ता हासिल की।
गौरतलब है कि मौसम खराब होने के चलते प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर की बजाय दिल्ली से बुलंदशहर का 90 किलोमीटर का सफर गाड़ी से तय किया। पीएम ने यहां 20 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। करीब आधे घंटे के भाषण में प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को भी याद किया। उन्होंने कहा- इस क्षेत्र ने देश को कल्याण सिंह जैसा सपूत दिया। जिन्होंने रामकाज और राष्ट्रकाज दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज वो जहां हैं, अयोध्या धाम को देखकर आनंदित हो रहे होंगे।
प्रधानमंत्री के साथ मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद थे। अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने कहा- आपका स्नेह प्रधानमंत्री को मौसम की विपरीत स्थिति में दिल्ली से बाई रोड ले आया। आपने ऐसा कोई प्रधानमंत्री नहीं देखा होगा। मोदी बिना भेदभाव के हर जरूरतमंद तक तेजी से पहुंचना चाहता है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस और दूसरी विपक्षी पार्टियों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा- आजादी के बाद लंबे समय तक कोई गरीबी हटाओ का नारा देता रहा, कोई सामाजिक न्याय के नाम पर झूठ बोलता रहा। लेकिन देश के गरीबों ने देखा कि सिर्फ कुछ परिवारों के घर अमीरी आई। कुछ ही परिवारों की राजनीति फली-फूली। गरीब और पिछड़े तो अपराधियों और दंगों से सहमे हुए थे। उन्होंने कहा- अब देश में स्थितियां बदल रही हैं। पहले लंबे समय तक यहां सरकार चलाने वालों ने शासकों की तरह बरताव किया। जनता को अभाव में रखने और समाज में बंटवारे का रास्ता उनके लिए सत्ता पाने का सबसे सरल माध्यम था। इसकी कीमत उत्तर प्रदेश की अनेक पीढ़ियों ने भुगती। देश को भी इसका बहुत बड़ा नुकसान हुआ।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


