nayaindia Manipur दिल्ली में मणिपुरी परिवार से मार-पीट

दिल्ली में मणिपुरी परिवार से मार-पीट

नई दिल्ली। दिल्ली की एक कॉलोनी में मणिपुर के एक परिवार के साथ मारपीट की घटना हुई है। सात-आठ लोगों के एक समूह ने दो पुरुषों और दो महिलाओं को बीच सड़क पर घसीट कर लात-घूंसों से मारा। घटना गुरुवार-शुक्रवार रात की बताई जा रही है। इस पूरी घटना को नजदीक के एक घर से किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस एक्शन में आई। मारपीट करने वालों ने मणिपुरी महिलाओं पर भद्दे कमेंट भी किए।

पुलिस ने शनिवार यानी दो दिसंबर को बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपों में यौन उत्पीड़न भी शामिल है। पीड़ित व्यक्ति के मुताबिक वह अपनी पत्नी और बहन के साथ डिनर के बाद एक दोस्त को घर छोड़ने आए थे। रात के 11 बजे थे, तभी तीन लोग उनके पास आए। इनमें दो युवक और एक महिला थी। उन्होंने पीड़ित से कहा कि उनके मोबाइल की बैटरी खत्म हो गई है। उन्हें मुनिरका जाना है और कैब की बुकिंग नहीं हो पा रही है।

आरोपियों की मदद करने के लिए मणिपुरी व्यक्ति कैब बुक करने लगा। पीड़ित ने बताया कि मदद मांगने वाले शख्स ने उसकी पत्नी और बहन के खिलाफ भद्दे कमेंट्स करने शुरू कर दिए। जब उनका विरोध किया तो वे उल्टा उन पर गुस्सा हो गए। आरोपियों ने उसी समय अपने आठ-नौ दोस्तों को बुलाया और मणिपुरी शख्स को पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित शख्स की पत्नी ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उसके बाल खींचे, सड़क पर घसीटा और लात मारने की कोशिश की। महिला ने रोते हुए कहा- आरोपी हमारे परिवार को जिस तरह मार रहे थे, हमें ऐसा लगा कि अब हम जिंदा नहीं बचेंगे। हमें बचाने वाला भी कोई नहीं था।

Tags :

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें