नई दिल्ली। विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों की एक टीम अगले हफ्ते मणिपुर जाएगी। विपक्षी गठबंधन की ओर से गुरुवार को बताया गया कि सांसदों की एक टीम 29 और 30 जुलाई को मणिपुर का दौरा करेगी। इस दौरे में विपक्षी सांसद हिंसा प्रभावित इलाकों में जाएंगे और पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले दो दिन के दौरे पर मणिपुर गए थे। उसके बाद कई पार्टियों के नेताओं ने अलग अलग वहां जाकर हालात का जायजा लिया।
पिछले हफ्ते संसद का मानसून सत्र शुरू होने से ठीक पहले मणिपुर की दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने और यौन हिंसा का वीडियो वायरल हुआ था। उसके बाद एक बार फिर हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। पिछले दो तीन दिन में हिंसा, फायरिंग और आगजनी की कई घटनाएं हुई हैं। म्यामांर सीमा पर मोरेह में फायरिंग हुई थी तो थोरबंग और कांगवे में गुरुवार सुबह फायरिंग हुई। दोनों जगहों पर मैती और कुकी आमने-सामने हैं।
इससे पहले सोमवार को मिजोरम में कई रैलियां हुई थीं, जिसे लेकर मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। इस रैली में मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने भी हिस्सा लिया था। बीरेन सिंह ने कहा कि जोरमथांगा को दूसरे राज्य के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। गौरतलब है कि मिजोरम में हुई रैली कुकी समुदाय के लोगों के समर्थन में हुई थी। हालांकि इसका मकसद हिंसा का विरोध करना बताया गया था। मणिपुर का वीडियो वायरल होने के बाद मिजोरम में रह रहे मैती समुदाय के लोगों पर खतरा बढ़ा है और वे वहां से पलायन कर रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



