कोलकाता/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण का मतदान समाप्त होने के बाद तमिलनाडु जाएंगे, जहां वे कन्याकुमारी में विवेकानंद स्मारक शिला पर ध्यान लगाएंगे। विपक्षी पार्टियों ने इस पर सवाल उठाया और कहा है कि अगर उनके ध्यान लगाने का टेलीविजन पर प्रसारण होता है तो वे इसका विरोध करेंगे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि अगर मोदी के ध्यान लगाने को टेलीविजन पर दिखाया जाएगा तो वे इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगी।
वही दिल्ली में राज्यसभा सांसद और पूर्व कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने भी इस पर तंज किया है और कहा है कि अगर प्रधानमंत्री वहां प्रायश्चित करने जा रहे हैं, तो अच्छा है क्योंकि जिस इंसान को विवेक का अर्थ ही नहीं पता, वह क्या ध्यान लगाएगा। उधर कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि अगर नरेंद्र मोदी के इस ध्यान को टेलीविजन पर दिखाया गया तो उनकी पार्टी चुनाव आयोगमें शिकायत दर्ज कराएगी। ममता का कहना है कि ध्यान का टेलिकास्ट करने से आचार संहिता का उल्लंघन होगा। ममता ने कहा- मोदी ध्यान लगा सकते हैं, लेकिन टेलीविजन पर उसे दिखाया नहीं जा सकता है। हम इसकी शिकायत करेंगे। क्या किसी को ध्यान करने के लिए कैमरा ले जाने की जरूरत होती है। कैंपेन का समय खत्म होने और चुनाव की तारीख के बीच यह कैंपेन करने का ही एक तरीका है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी का 30 मई की शाम तक तमिलनाडु के कन्याकुमारी पहुंचने का कार्यक्रम है। वे विवेकानंद स्मारक शिला पर 30 मई की रात से एक जून की शाम तक ध्यान लगाएंगे। गौरतलब है कि मोदी 2019 में आखिरी चरण का प्रचार समाप्त होने से पहले केदारनाथ गए थे। वहां बनी रुद्र गुफा में उन्होंने 17 घंटे ध्यान लगाया था। यह भी ध्यान रखने की बात है कि लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में 57 लोकसभा सीटों के लिए एक जून को मतदान होना है। जिस समय मतदान हो रहे होंगे उस समय मोदी ध्यान में होंगे। एक जून को पश्चिम बंगाल में भी मतदान है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


