nayaindia Rahul Gandhi सबसे भ्रष्ट असम सरकार: राहुल

सबसे भ्रष्ट असम सरकार: राहुल

शिवसागर (असम)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम पहुंच गई है। यात्रा शुरू होने के पांचवें दिन गुरुवार को राहुल की यात्रा नगालैंड से निकल कर असम पहुंची, जहां राहुल गांधी ने भाजपा और राज्य की हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार पर तीखा हमला किया। राहुल गांधी ने असम सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार करार दिया। गौरतलब है कि हिमंत बिस्वा सरमा पहले कांग्रेस में थे और 2016 में कांग्रेस के हारने के बाद भाजपा में चले गए। भाजपा में जाने के बाद से वे लगातार राहुल गांधी पर हमला करते रहे हैं।

बहरहाल, राहुल की यात्रा गुरुवार को नगालैंड से असम पहुंची, जहां उन्होंने शिवसागर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल ने कहा- भाजपा और आरएसएस देश में आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अन्याय कर रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लक्ष्य हर धर्म, हर जाति के लोगों को एकजुट करने के साथ इस अन्याय के खिलाफ लड़ना भी है। उन्होंने असम सरकार पर हमला बोलते हुए कहा- असम में देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा देश में नफरत फैलाने के साथ जनता का पैसा लूट रही है। हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम का मुद्दा उठाएंगे।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर से अपनी यात्रा शुरू की थी, जहां पिछले आठ महीने से ज्यादा समय से जातीय हिंसा चल रही है। उसका हवाला देते हुए राहुल ने कहा- मणिपुर में सिविल वॉर का माहौल बना हुआ है। पीएम मोदी आज तक वहां नहीं गए। नगालैंड में पीएम ने बड़े वादे किए थे। वहां के लोग पूछ रहे हैं कि पीएम के वादों का क्या हुआ। ऐसी ही चीजें असम में भी हो रही हैं। राहुल एक हफ्ते तक असम में रहेंगे। इसके बाद पूर्वोत्तर के दो और राज्यों, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में उनकी यात्रा जाएगी।

बहरहाल, राहुल गांधी की यात्रा को लेकर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि असम में 18 से 25 जनवरी तक न्याय यात्रा होगी। उन्होंने कहा- असम सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा यहां सफल न हो। हालांकि, हमें विश्वास है कि युवाओं और महिलाओं सहित असम के सभी वर्ग राहुल गांधी की बात सुनेंगे। एक दिन पहले बुधवार को अपनी यात्रा के चौथे दिन राहुल गांधी नगालैंड में थे, जहां उन्होंने नगा लोगों से नौ साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए वादे की याद दिलाते हुए मोदी और केंद्र सरकार पर हमला किया था।

Tags :

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें