मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को में क्रोकस सिटी हॉल पर हुए आतंकवादी हमले में मरने वालों की संख्या 143 हो गई है। हमले के करीब 24 घंटे के बाद शनिवार को राष्ट्रपति पुतिन ने देश को संबोधित किया। उन्होंने रविवार यानी 24 मार्च को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। पुतिन ने कहा कि हमलावरों ने यूक्रेन की तरफ भागने की कोशिश की।
सभी को पकड़ लिया गया है, उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी। दूसरी ओर यूक्रेन ने कहा है कि उसका इस हमले से कोई लेना देना नहीं है। अमेरिका ने भी यह बात कही है।
बहरहाल, शनिवार को पुतिन ने कहा- हमारे दुश्मन हमें बांट नहीं सकते। रूस ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार हमलावर हैं और सात लोग उनकी मदद करने वाले बताए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रूस की सुरक्षा सेवाओं के प्रमुख ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बताया है कि चार संदिग्ध सफेद रंग की कार में भागने की कोशिश कर रहे थे।
इन्हें रूस-यूक्रेन बॉर्डर से पकड़ा गया। सभी को मॉस्को लाया जा रहा है। रूसी मीडिया ने जानकारी दी है कि जांच एजेंसियों ने सरकार को बताया है कि आतंकवादी हमला पूरी योजना के साथ हुआ। हमलावरों के लिए पहले से ही क्रोकस सिटी हॉल में हथियार छिपाकर रखे हुए थे। जांच अभी जारी है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक कथित हमलावर अपना गुनाह कबूल कर रहा है।
गौरतलब है कि हमला शुक्रवार रात को हुआ था। इसकी जिम्मेदारी आईएसआईएस-के ने ली है। सेना जैसी वर्दी पहने चार आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, बम फेंके और फरार हो गए।
इस बीच रूस के पूर्व राष्ट्रपति और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के डिप्टी चेयरपर्सन दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि रूस खून का बदला खून से लेगा। आतंकवादी सिर्फ आतंक की भाषा ही समझते हैं। जब तक बल का मुकाबला बल से नहीं किया जाता और आतंकवादियों की मौत के साथ-साथ उनके परिवारों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक किसी भी जांच का कोई मतलब नहीं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



