Monday

23-06-2025 Vol 19

हिमाचल के निष्कासित कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल

385 Views

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के अयोग्य ठहराए गए कांग्रेस के छह बागी विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके साथ ही राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को वोट देने वाले तीन निर्दलीय विधायकों ने शनिवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली। सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने पार्टी मुख्यालय में इन्हें पार्टी में शामिल कराया। राज्यसभा चुनाव में इन विधायकों की क्रॉस वोटिंग की वजह से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक सिंघवी हार गए थे।

कांग्रेस के छह बागी विधायकों- सुजानपुर से राजेंद्र राणा, धर्मशाला से सुधीर शर्मा, लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, कुटलैहड़ से देवेंद्र कुमार भुट्टो व गगरेट से चैतन्य शर्मा भाजपा में शामिल हुए। इनके अलावा निर्दलीय विधायकों में देहरा से होशियार सिंह, नालागढ़ से केएल ठाकुर और हमीरपुर से आशीष शर्मा शामिल हैं, जो भाजपा में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि भाजपा उपचुनाव में इन सभी को टिकट देगी।

उनके भाजपा में शामिल होने के मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि विधायकों के भाजपा में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस के वादे ठीक वैसे ही झूठे थे, जैसे राजस्थान व छत्तीसगढ़ में थे। इसका प्रमाण छह विधायकों का पार्टी छोड़ना है। भाजपा ने इन सभी को उपचुनाव में टिकट देने का भरोसा दिया है। बताया जा रहा है कि बागी विधायक अब सुप्रीम कोर्ट में अपनी सदस्यता बचाने को दी गई याचिका भी वापस ले लेंगे।

मोहन कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *