चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की दोस्त और फिल्म अभिनेत्री तृषा के ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को राज्य की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि शाम में उनको पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। असल में सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल विवाद पर आयोजित रैली में भीड़ में ‘तृषा, तृषा’ के नारे लगे। आरोप है कि इस पर उदयनिधि ने कहा, ‘पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, वहां जरूर पहुंचना चाहिए’। इस टिप्पणी के मामले में उनको गिरफ्तार किया गया।
हालांकि बाद में डीएमके नेता उदयनिधि ने सफाई दी कि उनका इशारा कावेरी के पानी की ओर था। पुलिस ने उनके खिलाफ छह धाराओं में केस दर्ज किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उदयनिधि ने मद्रास हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि, उस पर सुनवाई होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में सुनवाई के दौरान मद्रास हाई कोर्ट ने आदेश दिया कि उदयनिधि को पूछताछ के बाद मंगलवार को ही रिहा कर दिया जाए।
गौरतलब है कि चार मई को तमिलनाडु विधानसभा के नतीजे आए थे। टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीती थीं। उस दिन तृषा का जन्मदिन था। नतीजे आने से पहले वो तिरुमाला मंदिर पहुंचीं, दर्शन किए और फिर विजय के घर पहुंचीं। विजय और तृषा की दोस्ती काफी चर्चा में रही है। दोनों ने पांच फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें से 2023 में रिलीज सुपरहिट फिल्म ‘लियो’ भी शामिल है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


